तामुलपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दो दिवसीय नुक्कड़ नाटक का समापन
तामुलपुर (असम), 30 सितम्बर (हि.स.)। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत तामुलपुर जिले में दो दिवसीय नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का बुधवार को सफल समापन हुआ।
तामुलपुर जिला प्रशासन के सौजन्य तथा ‘उद्दीपन तामुलपुर’ के सहयोग से नागरीजुली बाजार में ‘नमो सेवा गाथा : एक अनकही कहानी’ शीर्षक के तहत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से देश की सैन्य क्षेत्र में उपलब्धियों, सांस्कृतिक गीत-संगीत तथा विकास की यात्रा और दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही लोगों के बीच सेवा, सामाजिक दायित्व और जनकल्याण का संदेश भी दिया गया।
नागरीजुली में आयोजित कार्यक्रम में बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के कार्यकारी सदस्य लक्ष्मी दास, स्थानीय वीसीडीसी अध्यक्ष राजीव चौधरी, नागरीजुली मंडल भाजपा के महासचिव अरविंद दास, नागरीजुली विकासखंड के अभियंता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
इसके समानांतर नाटक दल ने ढेपरगांव चौक, कदमताल और मटंगा चौक में भी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। उल्लेखनीय है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अवसर पर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार विभिन्न विभागों द्वारा अपने स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार को हुई थी, जिसका बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

