home page

तामुलपुर जिला प्रशासन की पहल पर दो दिवसीय नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम शुरू

 | 
तामुलपुर जिला प्रशासन की पहल पर दो दिवसीय नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम शुरू


तामुलपुर (असम), 29 सितम्बर (हि.स.)। देशभर में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत तामुलपुर जिला प्रशासन की पहल पर जिले के विभिन्न स्थानों पर दो दिवसीय नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आम लोगों के बीच सामाजिक जागरूकता बढ़ाने तथा सेवा, सामाजिक दायित्व और जनकल्याण का संदेश पहुंचाना है।

जिला प्रशासन के अनुसार, मंगलवार को बागानपाड़ा चौक, दरंगाजुली-बगाजुली चौक, शुक्लाई चौक और गोरेश्वर रेलवे गेट तिनिआली में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। इसी क्रम में बुधवार को ढेपरगांव चौक, नागरीजुली बाजार, कदम्तला चौक और मटंगा चौक में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंगलवार को कुमारिकाटा के गणेशगुड़ी में ‘अख्रांग द स्काई’ नाट्य दल ने भी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। दल ने जिले के चार स्थानों पर बोडो भाषा में नाटक के माध्यम से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का संदेश लोगों तक पहुंचाया।

गणेशगुड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक जमैरानी स्वर्गीयारी, तामुलपुर जिला भाजपा सदस्य सोमनाथ बसुमतारी, दरंगाजुली मंडल भाजपा अध्यक्ष रिदीप दास, महासचिव विशाल बस्नेत और उपाध्यक्ष कृष्ण मुसाहारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से संबंधित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और जनकल्याण से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

तामुलपुर जिले में बुधवार को ‘उद्दीपन तामुलपुर’ नाट्य दल द्वारा जिले के चार अन्य स्थानों पर असमिया भाषा में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा