असम में आंधी-तूफान का कहर, चिरांग में पेड़ से टकराकर बाइक सवार की मौत
गुवाहाटी, 23 अप्रैल (हि.स.)। असम के विभिन्न हिस्सों में बुधवार की रात आए तेज आंधी-तूफान ने व्यापक तबाही मचाई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। चिरांग जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज आंधी के कारण सड़क पर गिरे पेड़ से टकराने के चलते बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक रास्ता बाधित होने से यह हादसा हुआ।
वहीं बरपेटा के सर्थेबाड़ी क्षेत्र में तेज हवा के कारण एक मंदिर की टिन की छत उड़ गई। तूफान और बारिश के चलते कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया है, जबकि कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

