गुवाहाटी में एसटीएफ की कार्रवाई, 397 ग्राम संदिग्ध हेरोइन के साथ तीन ड्रग तस्कर गिरफ्तार
गुवाहाटी, 28 अगस्त (हि.स.)। असम पुलिस की एसटीएफ ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुवाहाटी में तीन कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 397 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई है।
एसटीएफ ने विशेष सूचना के आधार पर 27-28 अगस्त की रात गुवाहाटी के बशिष्ठ थाना क्षेत्र के बेहारबारी स्थित सोनकोची पथ पर एक वाहन (एएस 01ईएल 7756) को रोककर तलाशी ली। वाहन में रखे दो बैगों से साबुन के 37 डिब्बों में छिपाकर रखी गई 397 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कछुद्रम थाना क्षेत्र के बंतरापुर निवासी किरण सिंघा (49), मणिपुर के इम्फाल ईस्ट निवासी एस. नेंगपी वैफेई (36) और चुराचांदपुर के जांगलेनफाई गांव निवासी नगाइनेइचोंग (41) के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान संदिग्ध हेरोइन के अलावा 21,000 रुपये नकद, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, दो बैग और एक वाहन भी जब्त किया गया। मामले में एसटीएफ थाना केस संख्या 08/2026 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के जरिए मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत, गंतव्य और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

