राज्य-स्तरीय 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान की शुरुआत
इटानगर, 17 सितंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश में राज्य-स्तरीय 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान की शुरुआत आज इटानगर के मल्लो तारिन सरकारी उच्चतर माध्यमिक विध्यलय में हुई। यह कार्यक्रम साफ-सफाई को बढ़ावा देने, लोगों की भागीदारी बढ़ाने और आस-पास के माहौल को साफ रखने के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए आयोजित किया गया है।
इस कार्यक्रम के साथ ही 'स्वच्छ पाठशाला युवा फॉर स्वच्छता' पहल की भी शुरुआत हुई। इसका खास मकसद छात्रों और युवाओं को सफाई गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस कार्यक्रम में शहरी मामलों के मंत्री बालो राजा और विधायक व सलाहकार टेची कासो भी शामिल हुए।
इस पहल का मकसद स्वच्छता में सहभाग के संदेश को मजबूत करना और एक स्वच्छ और स्वस्थ अरुणाचल प्रदेश के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान का जिक्र किया। इस अभियान की शुरुआत महात्मा गांधी ने की थी और अब इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं, जो जनसेवा, सुशासन, राष्ट्र-निर्माण और स्वच्छता के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे हैं।
उन्होंने राज्य और देश की भलाई के लिए सभी से इस मिशन में शामिल होने का आग्रह किया और लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने की अपील भी की।
अपर सियांग मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए, मुख्यमंत्री खांडू ने कहा कि वह सियांग और अपर सियांग जिलों का दौरा करेंगे और प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट के समर्थकों और विरोधियों, दोनों ही तरह के स्थानीय निवासियों से बातचीत करेंगे।
दोनों जिलों में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों पर चिंता जताते हुए, खांडू ने कहा कि प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट की प्रक्रिया पिछले दो सालों से चल रही थी।
जहां स्थानीय समुदायों ने प्रोजेक्ट के समर्थन में समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए थे, वहीं ग्रामीणों का एक छोटा समूह इस प्रोजेक्ट का विरोध कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा, परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय निवासियों पर कोई ज़बरदस्ती नहीं की गई थी।
हालांकि, गांव वालों का एक छोटा सा गुट इस प्रोजेक्ट का विरोध कर रहा है। सरकार बातचीत के ज़रिए कोई अच्छा समाधान निकालने के लिए समर्थकों और विरोधियों, दोनों से बात करने को हमेशा तैयार रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

