home page

रंगाली बिहू के अवसर पर बजाली में राज्य स्तरीय मैराथन दौड़ प्रतियोगिता आयोजित

 | 
रंगाली बिहू के अवसर पर बजाली में राज्य स्तरीय मैराथन दौड़ प्रतियोगिता आयोजित


बजाली (असम), 13 अप्रैल (हि.स.)। रंगाली बिहू के अवसर पर बजाली के पश्चिम कठालमुरी स्थित जोनाकी संघ के तत्वावधान में आज प्रातः राज्य स्तरीय मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह मैराथन दौड़ आज सुबह लगभग 5:30 बजे पाटाचारकुची से प्रारंभ होकर नित्यानंद चारिआली होते हुए पश्चिम कठालमुरी स्थित जोनाकी संघ के प्रांगण में संपन्न हुई। लगभग 25 किलोमीटर लंबी इस दौड़ का उद्घाटन पाटाचारकुची के प्रागज्योतिष क्लब के पदाधिकारी नितुल शर्मा ने किया।

इस प्रतियोगिता में कुल 29 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। परिणामों के अनुसार गोलाघाट जिले के खुमटाई के तीखेश्वर कुर्मी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मोरीगांव जिले के सूर्य दास द्वितीय और गुवाहाटी के कुम्भ देउरी तृतीय स्थान पर रहे।

इस अवसर पर प्रथम से सातवें स्थान तक के विजेताओं को आयोजन समिति की ओर से नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। रंगाली बिहू के उल्लासपूर्ण माहौल में आयोजित इस मैराथन प्रतियोगिता ने स्थानीय लोगों में खासा उत्साह पैदा किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश