असम बाढ़ राहत में केंद्र और राज्य एकजुट, भाजपा ने सभी से की मानवीय सहयोग की अपील
गुवाहाटी, 25 जुलाई (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि असम में आई भीषण बाढ़ से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ मिलकर कार्य कर रही हैं। पार्टी ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों में मानवीय आधार पर एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की है।
भाजपा की मीडिया पैनलिस्ट उमी डेका बरुवा ने आज एक बयान में बाढ़ में जान गंवाने वाले 62 लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने अब भी लापता आठ लोगों के सुरक्षित मिलने की कामना भी की।
भाजपा के अनुसार, बाढ़ से राज्य के 25 जिलों के 77 राजस्व सर्किलों के 2,101 गांवों में 11 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। 170 राहत शिविरों में 45 हजार से अधिक विस्थापित लोगों को आश्रय दिया गया है, जबकि 1,304 राहत वितरण केंद्रों के माध्यम से भोजन, पेयजल, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
पार्टी ने कहा कि नगालैंड और असम में हुई अभूतपूर्व वर्षा के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार भारतीय वायुसेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, असम पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं, जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियों के सहयोग से युद्धस्तर पर राहत, बचाव, पुनर्वास और बहाली का कार्य कर रही है।
भाजपा ने यह भी बताया कि शनिवार को केंद्र सरकार की उच्चस्तरीय अंतर-मंत्रालयी टीम ने असम का दौरा कर बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। टीम ने कृषि, आवास, सड़क, पुल, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक ढांचे को हुए नुकसान का आकलन करने के साथ-साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की तथा दीर्घकालिक पुनर्निर्माण और केंद्रीय सहायता पर राज्य सरकार के साथ चर्चा की।
बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा से फोन पर बातचीत कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली और राहत, बचाव, पुनर्वास तथा पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
असम प्रदेश भाजपा ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भारतीय वायुसेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, असम पुलिस, स्वास्थ्यकर्मियों, जिला प्रशासन, स्वयंसेवी संगठनों और राहत कार्यों में जुटे सभी स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की। पार्टी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित प्रत्येक नागरिक के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत, पुनर्वास तथा पुनर्निर्माण कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

