home page

जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से प्रतिदिन एक लाख लोगों तक पहुंचने का भाजपा का लक्ष्य

 | 
जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से प्रतिदिन एक लाख लोगों तक पहुंचने का भाजपा का लक्ष्य


गुवाहाटी, 27 फरवरी (हि.स.)। असम के प्रत्येक क्षेत्र में आम जनता से सीधा संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी राज्य इकाई की ओर से “जन आशीर्वाद यात्रा” प्रारंभ की जाएगी। यह यात्रा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया के नेतृत्व में 28 फरवरी से ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र स्थित गुप्तेश्वर मंदिर से शुरू होगी।

पार्टी की योजना के अनुसार इस यात्रा के माध्यम से प्रतिदिन एक लाख लोगों से संपर्क साधने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के प्रथम चरण की अवधि आठ दिनों की घोषित की गई है, जो 9 मार्च तक जारी रहेगा। यात्रा के जरिए केंद्र एवं राज्य सरकार की विकासात्मक तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए असम की जनता से आशीर्वाद भी प्राप्त किया जाएगा।

आज भाजपा के प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता जयंत कुमार गोस्वामी ने कहा कि जहां भाजपा संगठनात्मक शक्ति के साथ एकजुट होकर चुनावी अभियान में जुटी है, वहीं कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल गठबंधन के मुद्दों को लेकर आपसी मतभेदों में उलझे हुए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता अखिल गोगोई रिसॉर्ट में रहकर वीडियो बना रहे हैं, लुरिनज्योति गोगोई ने कांग्रेस को बिस्तर पर लेटे-लेटे निर्णय लेने की सलाह दी है और गौरव गोगोई द्वारा कांग्रेस कार्यालय में इफ्तार आयोजन किए जाने की खबरें सामने आई हैं।

कांग्रेस की “समय परिवर्तन यात्रा” की आलोचना करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि वास्तविकता में इस यात्रा से कांग्रेस और अधिक कमजोर तथा सीमित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश