home page

कोकराझार में 100 करोड़ रुपये की लागत से आर्ट्स-स्पोर्ट्स स्टेडियम का होगा निर्माण

 | 

कोकराझार (असम), 15 अक्टूबर (हि.स.)। कोकराझार जिले में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज गौरांग पार्क के समीप 100 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से आर्ट्स-स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) सरकार के लोक निर्माण विभाग की पहल पर बनने वाले इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला बीटीसी के मुख्य कार्यकारी सदस्य हग्रामा महिलारी ने रखी।

इस अवसर पर 4 नंबर बाओखुंगरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपम चंद्र राय तथा 9 नंबर बानरगांव निर्वाचन क्षेत्र के एमसीएलए जुबिराज बसुमतारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

प्रस्तावित योजना के अनुसार, लगभग 119 बीघा भूमि में विकसित होने वाले इस खेल परिसर का कुल क्षेत्रफल करीब 39.43 एकड़ होगा। इस अत्याधुनिक परिसर में फुटबॉल स्टेडियम, 400 मीटर लंबा आठ लेन वाला एथलेटिक्स ट्रैक, प्रशिक्षण मैदान, लॉन टेनिस कोर्ट, ओलंपिक मानकों के अनुरूप स्विमिंग पूल, इनडोर स्टेडियम तथा अन्य आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

परियोजना की योजना के अनुसार, फुटबॉल स्टेडियम में लगभग 13,500 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। वहीं, इनडोर स्टेडियम में विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन व्यवस्थाओं से खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण, अभ्यास और उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

इस परियोजना के पूरा होने पर कोकराझार सहित पूरे बीटीसी क्षेत्र के खेल जगत को नई दिशा मिलने की संभावना है। आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने का अवसर मिलेगा। साथ ही, युवा पीढ़ी को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करने और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कोकराझार में प्रस्तावित यह खेल परिसर भविष्य में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ-साथ क्षेत्रीय खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा