प्रथम वाहिनी एसएसबी की ‘डी’ समवाय न मोरीगांव में आयोजित किया योग कक्षा
मोरीगांव (असम), 18 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन एवं उप-कमांडेंट वीरेंद्र सिंह मेहरा की निगरानी में आज प्रथम वाहिनी की ‘डी’ समवाय द्वारा मोरीगांव में योग कक्षा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक कमांडेंट विद्या प्रकाश द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने समवाय के सभी कार्मिकों को योग के महत्व एवं दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा कार्यक्षमता में सुधार करने में सहायक होता है।
योग कक्षा के दौरान उपस्थित कार्मिकों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में समवाय के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रथम वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा अपने कार्मिकों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर इस प्रकार के योग एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

