पुलिस स्मृति दिवस पर सीमांत मुख्यालय, गुवाहाटी में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर सीमांत मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), गुवाहाटी में बुधवार को वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सीमांत गुवाहाटी के महानिरीक्षक सुधीर वर्मा ने राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान महानिरीक्षक सुधीर वर्मा ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए सभी बलकर्मियों के नाम पढ़कर सुनाए। उन्होंने देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।
इस अवसर पर सीमांत मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने भी शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्र की रक्षा के लिए शहीद हुए वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस बलों के कुल 149 जवानों ने राष्ट्र की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। इसके अतिरिक्त, सशस्त्र सीमा बल के पांच जवान भी कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर इन सभी वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को सम्मानपूर्वक नमन किया गया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

