एसएसबी का होजाई में वृक्षारोपण अभियान आयोजित
गुवाहाटी, 31 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की “जी” समवाय, द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “वृक्षारोपण अभियान” के अंतर्गत सर्वोत्तम विद्यालय नंदपुर, होजाई में आज स्थानीय युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों के साथ मिलकर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम का आयोजन प्रथम वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान “जी” समवाय, होजाई के समवाय प्रभारी इंस्पेक्टर (जीडी) मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में एसएसबी के जवानों , अध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सर्वोत्तम विद्यालय नंदपुर, होजाई के परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को पौधों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर समवाय प्रभारी द्वारा उपस्थित नागरिकों, विधार्थियों एवं अध्यापकों को संबोधित करते हुए कहा गया कि “वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। ये हमें स्वच्छ वायु, छाया, फल एवं पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। इसलिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं उनकी रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।” उन्होंने स्थानीय नागरिकों, विद्यालय के सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने में अपना योगदान दें।
इस दौरान एसएसबी के जवानों द्वारा स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर पौधों का रोपण किया गया तथा उपस्थित नागरिकों एवं विधार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए वृक्षों एवं पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के माध्यम से “एक पौधा लगाएं, उसकी देखभाल करें और पर्यावरण को सुरक्षित बनाएं” का संदेश दिया गया। इस प्रकार वृक्षारोपण अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा, बल्कि सशस्त्र सीमा बल एवं स्थानीय नागरिकों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय एवं सामाजिक सहभागिता को भी मजबूत करने में सहायक रहा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र में वृद्धि, स्थानीय नागरिकों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा समाज को प्रकृति एवं वृक्षों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापकों, छात्र छात्राओं एवं एसएसबी के जवानों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

