home page

एसएसबी सोनापुर ने विद्यालयों में सतर्कता जागरूकता और स्वच्छता अभियान चलाया

 | 
एसएसबी सोनापुर ने विद्यालयों में सतर्कता जागरूकता और स्वच्छता अभियान चलाया


एसएसबी सोनापुर ने विद्यालयों में सतर्कता जागरूकता और स्वच्छता अभियान चलाया


गुवाहाटी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी ने मंगलवार को रौवता और मोरीगांव के विद्यालयों में सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इसके साथ ही स्वच्छता ही सेवा अभियान 6.0 के तहत रौवता स्थित सरकारी विद्यालय में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इन पहलों का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों में ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

एसएसबी मुख्यालय, नई दिल्ली के निर्देशों तथा प्रथम वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में रौवता स्थित बी कंपनी के कार्यक्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय और मोरीगांव स्थित डी कंपनी के कार्यक्षेत्र के एक विद्यालय में सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। संबंधित कंपनी प्रभारियों ने विद्यार्थियों, बलकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए जागरूकता गतिविधियां, कार्यशालाएं तथा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए।

इस दौरान प्रतिभागियों को ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व से अवगत कराया गया। भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए समाज को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई गई। विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में नैतिक मूल्यों और ईमानदारी को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह का विषय 'समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा' है।

इसी क्रम में रौवता स्थित सरकारी विद्यालय में स्वच्छता ही सेवा अभियान 6.0 के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर निरीक्षक (जीडी) डब्ल्यू. कैनेडी मैतेई ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के महत्व की जानकारी दी।

एसएसबी की प्रथम वाहिनी ने इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय के बीच स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी तथा नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश