home page

संदीक्षा सदस्यों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया गया जागरूक

 | 
संदीक्षा सदस्यों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया गया जागरूक


गुवाहाटी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। असम के सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी के मुख्यालय में बुधवार को संदीक्षा सदस्यों के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अक्टूबर 2026 को साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के रूप में मनाए जाने के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्यों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल मंचों के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देना था।

संदीक्षा की अध्यक्ष वैशाली कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संचार शाखा ने सदस्यों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों की विस्तृत जानकारी दी। इनमें ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध, ओटीपी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी तथा व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग जैसे विषय शामिल थे।

इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों और सावधानियों के बारे में भी बताया गया। सदस्यों को मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, किसी के साथ भी ओटीपी और गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक, अनजान फोन कॉल और फर्जी ऑनलाइन संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में साइबर खतरों की पहचान करने, निवारक उपाय अपनाने और सुरक्षित डिजिटल वातावरण बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया गया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश