home page

सरदार पटेल की जयंती पर एसएसबी ने सोनापुर में आयोजित की एकता दौड़ और मैराथन

 | 
सरदार पटेल की जयंती पर एसएसबी ने सोनापुर में आयोजित की एकता दौड़ और मैराथन


गुवाहाटी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के गुवाहाटी स्थित फ्रंटियर मुख्यालय और प्रथम बटालियन, सोनापुर की ओर से शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोनापुर स्थित बटालियन मुख्यालय में एकता दौड़ और मैराथन आयोजित की गई।

कार्यक्रम का आयोजन एसएसबी गुवाहाटी फ्रंटियर मुख्यालय के महानिरीक्षक सुधीर वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित फ्रंटियर मुख्यालय के उप महानिरीक्षक (ऑपरेशंस) रजनीश लांबा ने एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

दौड़ शुरू होने से पहले उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली। इस दौरान भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को भी याद किया गया।

इसके बाद पांच किलोमीटर की मैराथन आयोजित की गई। मैराथन प्रथम बटालियन मुख्यालय, सोनापुर से शुरू होकर सोनापुर कॉलेज तक गई और वहां से वापस बटालियन मुख्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

इस कार्यक्रम में प्रथम बटालियन, एसएसबी सोनापुर के कमांडेंट सुनील कौशिक सहित फ्रंटियर मुख्यालय गुवाहाटी और प्रथम बटालियन के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सोनापुर क्षेत्र के युवाओं ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ सुरक्षा बलों के जवानों और युवाओं में शारीरिक फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश