नगांव लोस उपचुनाव में एसएसबी जवानों के समर्पित योगदान की सराहना
गुवाहाटी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा उपचुनाव के दौरान नगांव एवं मोरीगांव जिले में प्रथम बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सोनापुर के जवानों ने समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ चुनावी ड्यूटी निभाई। भारत सरकार के निर्देश पर बटालियन की सभी कंपनियों के जवानों को दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में तैनात किया गया था।
चुनाव ड्यूटी के दौरान एसएसबी कर्मियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने उच्च स्तर की सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
प्रथम बटालियन एसएसबी के द्वितीय कमान एवं कार्यवाहक कमांडेंट इबोचौबा सिंह ने चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और जवानों के समर्पण, अनुशासन तथा कर्तव्य के प्रति निष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जवानों द्वारा जिम्मेदारीपूर्वक किया गया कार्य अत्यंत प्रशंसनीय है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र और लोकतंत्र की सेवा में एसएसबी कर्मियों का योगदान हमेशा सम्मान और सराहना के योग्य रहेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों को चुनाव ड्यूटी सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

