home page

सोनापुर में एसएसबी ने निकाली ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली

 | 
सोनापुर में एसएसबी ने निकाली ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली


गुवाहाटी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। असम के सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी ने रविवार को फिट इंडिया अभियान के तहत वाहिनी मुख्यालय और सभी कंपनी इकाइयों में ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन बल मुख्यालय के निर्देश पर वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया।

सोनापुर स्थित वाहिनी मुख्यालय में कमांडेंट ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली वाहिनी मुख्यालय से शुरू होकर सोनापुर के न्यू मार्केट तक पहुंची और वहां से वापस मुख्यालय लौटी। इसी दौरान वाहिनी की सभी कंपनी इकाइयों में भी साइकिल रैलियां आयोजित की गईं, जिनमें अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नियमित व्यायाम और साइकिल चलाने को प्रोत्साहित करना तथा लोगों के बीच स्वस्थ जीवनशैली और शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

इसके साथ ही वाहिनी मुख्यालय और सभी कंपनी इकाइयों में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम भी चलाया गया। इस दौरान रैली मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में बिखरे कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थानों पर निस्तारित किया गया। जवानों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया।

कमांडेंट कौशिक ने कार्यक्रम में जवानों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और उन्हें नियमित व्यायाम करने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का समापन फिटनेस, अनुशासन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हुआ।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश