home page

सोनापुर में एसएसबी ने तनाव प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया

 | 
सोनापुर में एसएसबी ने तनाव प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया


गुवाहाटी, 09 नवंबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी, सोनापुर की ओर से सोमवार को वाहिनी मुख्यालय में जवानों के लिए तनाव प्रबंधन पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में राजस्थान स्थित श्री सिद्धेश्वर स्वामीजी ट्रस्ट के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने जवानों को दैनिक जीवन और आधिकारिक कर्तव्यों के दौरान उत्पन्न होने वाले मानसिक तनाव से निपटने के विभिन्न तरीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सकारात्मक सोच विकसित करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

प्रतिनिधियों ने तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए उपयोगी सुझाव दिए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बल के जवानों को प्रभावी तनाव प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा उनके मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक दृष्टिकोण और समग्र कल्याण को बढ़ावा देना था।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश