एसएसबी ने रंगिया में अंतर सीमांत एंटी-सबोटाज चेक प्रतियोगिता 2026 का किया आयोजन
गुवाहाटी, 2 नवंबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की गुवाहाटी सीमांत के तत्वावधान में सोमवार को रंगिया स्थित क्षेत्रीय मुख्यालय में अंतर सीमांत एंटी-सबोटाज चेक प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह सोमवार सुबह 11 बजे रंगिया स्थित एसएसबी के क्षेत्रीय मुख्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय मुख्यालय, रंगिया के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में एसएसबी के विभिन्न सीमांत मुख्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य बल के जवानों की एंटी-सबोटाज जांच संबंधी पेशेवर दक्षता, तकनीकी कौशल और कार्यक्षमता का आकलन करना तथा उनमें और सुधार लाना है।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न टीमें अपनी कार्यकुशलता और परिचालन तैयारियों का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और प्रतिभागियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

