लोखरा में एसएसबी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए
गुवाहाटी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सोनापुर स्थित पहली बटालियन ने शुक्रवार को लोखरा के सरकारी निम्न प्राथमिक विद्यालय में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान और सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया।
ये कार्यक्रम बल मुख्यालय के निर्देश और पहली बटालियन के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में लोकहरा स्थित ई कंपनी की ओर से आयोजित किए गए।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत विद्यार्थियों को बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, लैंगिक समानता तथा समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में एसएसबी के 14 जवानों, छह शिक्षकों और 65 विद्यार्थियों सहित कुल 85 लोगों ने भाग लिया।
वहीं, सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत विद्यार्थियों के बीच सतर्कता एवं भ्रष्टाचार विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक किया गया।
इन प्रतियोगिताओं में एक राजपत्रित अधिकारी, तीन अधीनस्थ अधिकारी, छह अन्य कार्मिक, छह शिक्षक और 88 विद्यार्थियों सहित कुल 104 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
एसएसबी ने कहा कि स्थानीय समुदायों के समग्र विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के उद्देश्य से इस तरह के जनजागरूकता एवं सामाजिक कल्याण कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

