home page

एसएसबी ने नशामुक्त भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत चलाया जागरूकता कार्यक्रम

 | 
एसएसबी ने नशामुक्त भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत चलाया जागरूकता कार्यक्रम


गुवाहाटी, 25 नवंबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सोनापुर स्थित प्रथम बटालियन ने बुधवार को नशामुक्त भारत अभियान और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

प्रथम बटालियन के उप कमांडेंट एवं कार्यवाहक कमांडेंट वीरेंद्र सिंह मेहरा के मार्गदर्शन में इन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस क्रम में ‘बी’ कंपनी, उदालगुड़ी ने रौता स्टेशन स्कूल में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और एसएसबी कर्मियों ने भाग लिया। कंपनी प्रभारी ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

इसी तरह ‘ई’ कंपनी, लोखरा ने गणेश मंदिर, लोखरा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक कमांडेंट एवं कंपनी प्रभारी नवीन चंद्र दास ने बालिका शिक्षा, सुरक्षा, समान अधिकार और महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इस कार्यक्रम में 32 स्थानीय नागरिकों और 21 एसएसबी कर्मियों सहित कुल 53 लोगों ने भाग लिया।

इन पहलों के माध्यम से एसएसबी की प्रथम बटालियन, सोनापुर ने नशामुक्ति, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ स्थानीय समुदाय के साथ अपने जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश