home page

एसएसबी ने बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और अर्धसैनिक बलों में महिलाओं की भागीदारी को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया

 | 
एसएसबी ने बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और अर्धसैनिक बलों में महिलाओं की भागीदारी को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया


गुवाहाटी, 06 नवंबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी की डी कंपनी ने शुक्रवार को मोरीगांव मजलिया विद्यालय में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में महिलाओं के लिए रोजगार के अवसरों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

प्रथम वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बाल लिंगानुपात में सुधार, बालिकाओं की सुरक्षा एवं शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता पैदा करना था।

इस अवसर पर डी कंपनी, मोरीगांव के सहायक कमांडेंट एवं कंपनी कमांडर विद्या प्रकाश ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को कार्यक्रम के उद्देश्यों तथा महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बालिका शिक्षा, समान अधिकार, सुरक्षा और महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए बाल लिंगानुपात में सुधार के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।

उन्होंने छात्राओं और युवतियों को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में महिलाओं के लिए उपलब्ध भर्ती अवसरों, शैक्षणिक योग्यता, पात्रता मानदंड, भर्ती प्रक्रिया और करियर की संभावनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने युवतियों को सुरक्षा बलों में शामिल होकर राष्ट्रसेवा करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में एसएसबी के सात जवानों, छह शिक्षकों और 40 विद्यार्थियों सहित कुल 53 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का समापन बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, महिला सशक्तीकरण और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के संदेश के साथ हुआ।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश