लोखरा में एसएसबी ने महिलाओं के लिए सीएपीएफ भर्ती जागरूकता कार्यक्रम किया आयोजित
गुवाहाटी, 11 सितंबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी, सोनापुर के तत्वावधान में शुक्रवार को लोखरा गांव में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में महिलाओं की भर्ती एवं रोजगार के अवसरों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में ‘ई’ कंपनी, लोखरा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में ‘ई’ कंपनी के 22 एसएसबी जवानों के साथ करीब 25–30 स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान स्थानीय महिलाओं को सीएपीएफ में उपलब्ध विभिन्न रोजगार अवसरों, भर्ती प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मानकों और चयन से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
महिलाओं को सुरक्षा बलों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने और भर्ती प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय महिलाओं में सीएपीएफ में शामिल होने के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित करना था।
प्रथम वाहिनी एसएसबी, सोनापुर द्वारा स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार के विभिन्न अवसरों से अवगत कराने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से नियमित रूप से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

