एसएसबी के जवानों ने स्थानीय महिलाओं से बंधवाई राखी, सामाजिक समरसता का दिया संदेश
गुवाहाटी, 28 अगस्त (हि.स.)। प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सोनापुर के सभी समवायों में शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन एवं प्राधिकरण के सहयोग से रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रथम वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य सशस्त्र सीमा बल के जवानों और स्थानीय समाज के बीच भाईचारा, सद्भावना तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं एवं बालिकाओं ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया।
जवानों ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग के प्रति अपना संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों और सशस्त्र सीमा बल के जवानों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कमांडेंट सुनील कौशिक ने कहा कि इस तरह के सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रम बल और स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास तथा मजबूत संबंध स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल स्थानीय जनता के साथ मिलकर सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में आगे भी सक्रिय भागीदारी करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

