home page

एसएसबी जवानों ने किया योगाभ्यास, फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य पर जोर

 | 
एसएसबी जवानों ने किया योगाभ्यास, फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य पर जोर


गुवाहाटी, 01 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में शनिवार को होजाई स्थित जी समवाय में 100 दिवसीय योग कार्यक्रम के अंतर्गत योगाभ्यास का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना, तनाव को कम करना तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

योग सत्र के दौरान जवानों को प्राणायाम, सूर्य नमस्कार तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों द्वारा प्रत्येक योगाभ्यास के स्वास्थ्य संबंधी लाभों की भी जानकारी दी गई, जिससे जवानों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

इस अवसर पर समवाय प्रभारी ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन को शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि 100 दिनों तक निरंतर योगाभ्यास करने से जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन आएंगे तथा जवानों की कार्यक्षमता, मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने सभी जवानों से प्रतिदिन नियमित रूप से योग करने का आह्वान किया। यह 100 दिवसीय योग कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातःकाल आयोजित किया जाएगा, जिससे सभी कार्मिक योग के माध्यम से स्वस्थ, तनावमुक्त एवं ऊर्जावान जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय