एसएसबी प्रथम वाहिनी का स्वतंत्रता दिवस पर भव्य पब्लिक बैंड डिस्प्ले 15 एवं 16 अगस्त को
गुवाहाटी, 12 अगस्त (हि.स.)। देशभर में मनाए जा रहे 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं “आजादी का अमृत महोत्सव” तथा “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सीमांत मुख्यालय गुवाहाटी एवं सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी द्वारा आम नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्र गौरव की भावना को और अधिक प्रबल करने के उद्देश्य से पब्लिक बैंड डिस्प्ले कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत एसएसबी के ब्रास बैंड, जैज़ बैंड एवं पाइप बैंड द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता रहेगी।
एसएसबी प्रथम वाहिनी के द्वारा आज दी गयी जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को गुवाहाटी के क्रिश्चियन बस्ती स्थित सिटी सेंटर मॉल में 1800 बजे से 2000 बजे तक पब्लिक बैंड डिस्प्ले किया जाएगा। इस कार्यक्रम में आम नागरिकों के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।
वहीं, 16 अगस्त को गुवाहाटी के उजान बाजार स्थित सती राधिका शांति उद्यान (ब्रह्मपुत्र रिवरफ्रंट) में पब्लिक बैंड डिस्प्ले कार्यक्रम 1800 बजे से 2000 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आम नागरिकों के लिए गेट नंबर-06 एवं गेट नंबर-07 से निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।
यह कार्यक्रम एसएसबी सीमांत मुख्यालय गुवाहाटी के महानिरीक्षक सुधीर वर्मा के मार्गदर्शन में तथा प्रथम वाहिनी के कमांडेंड सुनील कौशिक की निगरानी में आयोजित किया जा रहा है।
एसएसबी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
एसएसबी सभी नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस भव्य पब्लिक बैंड डिस्प्ले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

