home page

एसएसबी ने “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” के अंतर्गत रोड शो एवं जागरूकता कार्यक्रम का किया आयोजन

 | 
एसएसबी ने “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” के अंतर्गत रोड शो एवं जागरूकता कार्यक्रम का किया आयोजन


गुवाहाटी, 16 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में “ए” समवाय के द्वारा आज ऱोवता के अपने कार्यक्षेत्र में “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत रोड शो एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देना, लैंगिक भेदभाव को समाप्त करना एवं बेटियों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम की शुरुआत समवाय के जवानों, स्थानीय स्कूली छात्राओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बैनर और तख्तियों के साथ रोड शो से हुई। रोड शो में पढ़ेगी बेटी तो बढ़ेगा देश, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे नारे लगाए गए।

इसके पश्चात जागरूकता सभा का आयोजन किया गया जिसमें “ए” समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट विद्या प्रकाश ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि “बेटियां समाज और राष्ट्र की शक्ति हैं। उन्हें शिक्षा और समान अवसर देना हम सभी का कर्तव्य है।” सभा में बालिका स्वास्थ्य, शिक्षा, कानूनी अधिकार एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

अंत में सभी ने बेटियों को शिक्षित एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय