home page

एसएसबी के “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत रोड शो एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
एसएसबी के “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत रोड शो एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


गुवाहाटी, 13 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में “एफ” समवाय द्वारा आज अपने कार्यक्षेत्र मोरीगांव में “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत रोड शो एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत रोड शो से हुई जिसमें एसएसबी के जवानों, स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय युवाओं ने बैनर, पोस्टर एवं तख्तियां लेकर क्षेत्र में रैली निकाली। रोड शो के दौरान नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो, नशा मुक्त भारत, स्वस्थ भारत जैसे नारे लगाए गए।

इसके पश्चात एक जागरूकता सभा का आयोजन किया गया। सभा में समवाय के अधीनस्थ अधिकारीयों, जवानों, स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई।

समवाय प्रभारी ने अपने संबोधन में कहा कि “नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की प्रगति में बाधक बनता है।” उन्होंने सभी से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा न करने एवं दूसरों को भी नशे से दूर रखने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय