home page

एसएसबी प्रथम वाहिनी मुख्यालय एवं अधीनस्थ समवायों में हर्षोल्लास के साथ मना स्वतंत्रता दिवस

 | 
एसएसबी प्रथम वाहिनी मुख्यालय एवं अधीनस्थ समवायों में हर्षोल्लास के साथ मना स्वतंत्रता दिवस


गुवाहाटी, 15 अगस्त (हि.स.)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुवाहाटी के सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी एवं उसके अधीन सभी समवायों में शनिवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।

समारोह की शुरुआत एसएसबी प्रथम वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पमाला अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद वाहिनी मुख्यालय के क्वार्टर गार्ड परेड ग्राउंड में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के बाद सभी उपस्थित जवानों और अधिकारियों ने राष्ट्रगान गाया।

वाहिनी के सभी बल कार्मिकों और उनके परिवारजनों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान एसएसबी महानिदेशक का संदेश भी पढ़कर सुनाया गया।

वाहिनी मुख्यालय के साथ-साथ सभी अधीनस्थ समवायों में उपस्थित कार्मिकों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य एवं जिम्मेदारी की भावना को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में गार्ड कमांडर और उपस्थित सभी कार्मिकों के बीच मिठाई का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना देखने को मिली।

एसएसबी जवानों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय