2.4 करोड़ की याबा टैबलेट जब्त, श्रीभूमि पुलिस ने एक तस्कर को दबोचा
गुवाहाटी, 27 जून (हि.स.)। राज्य में जारी असम अगेंस्ट ड्रग्स अभियान के तहत श्रीभूमि पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 2.4 करोड़ रुपये मूल्य की याबा टैबलेट की खेप जब्त की है। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, शनिवार तड़के खुफिया सूचना के आधार पर श्रीभूमि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की इस बड़ी खेप को पकड़ लिया। अभियान के दौरान एक आरोपित को भी गिरफ्तार किया गया, जो कथित तौर पर इस अवैध कारोबार में शामिल था।
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई राज्य में सक्रिय नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क पर एक और बड़ा प्रहार है। पुलिस की सतर्कता, खुफिया सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई और लगातार चलाए जा रहे अभियान के कारण मादक पदार्थों के खिलाफ असम सरकार की मुहिम को लगातार सफलता मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने इस सफल अभियान के लिए श्रीभूमि पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार नशा तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रखेगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

