श्रीभूमि पुलिस ने 3.18 करोड़ रुपये का संदिग्ध नशीला पदार्थ किया जब्त, मुख्यमंत्री ने की सराहना
श्रीभूमि (असम), 28 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को श्रीभूमि जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरूद्ध चलाए गये अभियान की तारीफ़ की है। पुलिस ने ड्रग्स के ख़िलाफ़ दो सफल अभियान चलाकर 3.18 करोड़ रुपये की कीमत वाली 31,800 बोतल संदिग्ध नशीला पदार्थ ज़ब्त किया और दो आरोपितों को गिरफ़्तार किया।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सफल अभियान पूरे राज्य में बढ़ी हुई सतर्कता का नतीजा हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इस तरह की हर कार्रवाई से अवैध ड्रग्स के कारोबार में शामिल बड़े आपराधिक नेटवर्क कमज़ोर होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये अभियान पूरे राज्य में नशीले पदार्थों और संगठित तस्करी नेटवर्क के ख़िलाफ़ असम पुलिस की जारी कार्रवाई का हिस्सा हैं।
उल्लेखनीय है कि भाजपानीत गठबंधन सरकार राज्य में मादक पदार्थ के विरूद्ध कड़े कदम उठाते हुए इसे रोकने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। मुख्य रूप से पड़ोसी राज्य मणिपुर, मिजोरम एवं त्रिपुरा से असम आने वाले मादक पदार्थ के विरूद्ध कछार, श्रीभूमि और हैलाकांदी जिलों में लगातार निगरानी बरती जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

