home page

(अपडेट) तेज रफ्तार कार ने उजाड़ा परिवार : चिरांग में सीआईएसएफ जवान और पत्नी की मौत, बेटी जिंदगी की जंग लड़ रही

 | 
(अपडेट) तेज रफ्तार कार ने उजाड़ा परिवार : चिरांग में सीआईएसएफ जवान और पत्नी की मौत, बेटी जिंदगी की जंग लड़ रही


चिरांग (असम), 16 मई, (हि.स.)। असम के चिरांग जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से लौट रहे एक परिवार को मातम में बदल दिया। बिजनी-कोकलुंग सड़क पर उत्तर शिलबाड़ी इलाके में तेज रफ्तार कार ने एक स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान राहुल राय और उनकी पत्नी अनामिका पाटगिरी राय की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी कस्तूरी राय गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, परिवार अपने पैतृक गांव में आयोजित वार्षिक पूजा के समापन समारोह में शामिल होकर भूमकीपारा स्थित घर लौट रहा था। इसी दौरान एएस 26 एफ 2229 नंबर की एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे।

हादसे में अनामिका पाटगिरी राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल राय को तत्काल बंगाईगांव के लोअर असम अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि राहुल राय इस पूजा में शामिल होने के लिए हाल ही में ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर आए थे।

दंपति की इकलौती बेटी कस्तूरी राय इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई है और उसका इलाज लोअर असम अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

धार्मिक समारोह से लौटते समय हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। स्थानीय लोगों ने सीआईएसएफ जवान और उनकी पत्नी की असमय मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश