कोकराझार में चुनाव तैयारियों का विशेष पर्यवेक्षक ने की समीक्षा
कोकराझार (असम), 07 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विशेष पर्यवेक्षक मनजीत सिंह ने मंगलवार को कोकराझार जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। मतदान केंद्रों के दौरे के दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए समग्र तैयारियों का आकलन किया।
इस दौरान कोकराझार के डिप्टी कमिश्नर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा पी उदय प्रवीण, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अक्षत गर्ग तथा जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी विशेष पर्यवेक्षक के साथ मौजूद रहे और जमीनी स्तर पर तैयारियों का जायजा लिया।
इसके पश्चात विशेष पर्यवेक्षक ने जिला आयुक्त कार्यालय, कोकराझार में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें सामान्य पर्यवेक्षक, व्यय पर्यवेक्षक तथा पुलिस पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य क्षेत्रों में तैयारियों की समीक्षा की गई, आपसी समन्वय को और मजबूत करने पर जोर दिया गया तथा चुनाव प्रक्रिया के सुचारू संचालन हेतु चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

