home page

तामुलपुर में भूमि संरक्षण विभाग की विशेष ग्रामसभा आयोजित

 | 
तामुलपुर में भूमि संरक्षण विभाग की विशेष ग्रामसभा आयोजित


-जल एवं भूमि संरक्षण के साथ ग्राम विकास योजनाओं में वाटरशेड विकास कार्यक्रम को शामिल करने पर जोर

तामुलपुर (असम), 02 अक्टूबर (हि.स.)। जल एवं भूमि संरक्षण के उद्देश्य से तामुलपुर जिले में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत विशेष कार्यक्रम शुरू किया गया। गांधी जयंती के अवसर पर आज तामुलपुर के नंबर-3 पश्चिम कुमारीकाटा वीसीडीसी कार्यालय परिसर में ‘जनता की योजना अभियान’ के साथ समन्वय करते हुए विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया।

ग्रामसभा में वीसीडीसी की विकास योजनाओं के साथ वाटरशेड विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों को जोड़ने तथा दोनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। भूमि संरक्षण विभाग के मंडलीय अधिकारी तफीकुर रहमान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भूमि संरक्षण की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में विभाग आगे बढ़ेगा।

बैठक के दौरान जिले में चल रहे पक्के कंक्रीट बांधों के निर्माण, सामुदायिक तालाबों के निर्माण तथा कटाव की रोकथाम के लिए बिरीना घास की नर्सरी स्थापित करने सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति से ग्रामीणों को अवगत कराया गया। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

विभाग की ओर से बताया गया कि आगामी 09 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जल संरक्षण और वाटरशेड विकास को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें वाटरशेड विकास कार्यों एवं उनकी उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाना, लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का प्रचार-प्रसार, विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी, प्रचार अभियान तथा प्रभात फेरी जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

भूमि संरक्षण विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह अभियान गांवों की विकास योजनाओं के साथ जल एवं भूमि संरक्षण संबंधी कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत तामुलपुर जिले की चार वीसीडीसी के अंतर्गत कुल 24 गांवों को शामिल किया गया है।

कार्यक्रम में भूमि संरक्षण विभाग के अतिरिक्त निदेशक एवं विभागाध्यक्ष मणिदीप सुतिया, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रभारी परियोजना निदेशक गोविंद राभा, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा