home page

तामुलपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विशेष आधार शिविर

 | 

तामुलपुर (असम), 30 सितम्बर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान’ के तहत तामुलपुर जिला प्रशासन की पहल पर जिले के विभिन्न स्थानों पर विशेष आधार पंजीकरण, आधार संबंधी जानकारी में संशोधन एवं नवीनीकरण के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, 1 अक्टूबर को गोरेश्वर विकासखंड कार्यालय परिसर, 3 अक्टूबर को नागरीजुली विकासखंड कार्यालय परिसर तथा 5 अक्टूबर को तामुलपुर दुर्गा मंदिर परिसर में विशेष आधार शिविर आयोजित किया जाएगा।

इन शिविरों में नए आधार कार्ड के लिए पंजीकरण कराने के साथ-साथ आधार कार्ड में दर्ज जानकारी में आवश्यक संशोधन एवं नवीनीकरण की सुविधा उपलब्ध होगी। जिला प्रशासन ने लोगों से संबंधित सेवाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज साथ लेकर निर्धारित तिथि और स्थान पर शिविर में पहुंचने की अपील की है।

शिविरों के सुचारू संचालन तथा लोगों को सेवाएं प्रदान करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों एवं आधार ऑपरेटरों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा