home page

कांग्रेस की ‘मीडिया आधारित लामबंदी’ पर सोनोवाल का हमला, मोदी के नेतृत्व में असम में शांति व विकास का दावा

 | 
कांग्रेस की ‘मीडिया आधारित लामबंदी’ पर सोनोवाल का हमला, मोदी के नेतृत्व में असम में शांति व विकास का दावा


गुवाहाटी, 04 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में असम में स्थायी शांति और समग्र विकास का नया दौर शुरू हुआ है। कांग्रेस की चुनावी सक्रियता को “मीडिया तक सीमित और जमीनी हकीकत से दूर” बताया। ये बातें केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शनिवार को राज्य भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

सोनोवाल ने कहा कि 2016 में जनादेश मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी एक राजनीतिक दल से आगे बढ़कर समाज के हर क्षेत्र में प्रभावी सामाजिक-राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त और घुसपैठ मुक्त असम के निर्माण के संकल्प को जनता का व्यापक समर्थन मिला है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसकी कथित लामबंदी केवल कुछ अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों तक सीमित है और उसका व्यापक जनाधार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पारदर्शी भर्ती, अवैध अतिक्रमण हटाने, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में लोगों की अपेक्षाओं को पूरा किया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उल्फा, एनडीएफबी और केएलओ सहित विभिन्न उग्रवादी संगठनों के साथ एक दर्जन से अधिक शांति समझौते हुए हैं, जिससे राज्य में सामान्य स्थिति बहाल हुई है।

सोनोवाल ने कांग्रेस शासन को “अंधकारमय दौर” बताते हुए आरोप लगाया कि उस समय की नीतियों से सामाजिक विभाजन और अस्थिरता बढ़ी तथा कई युवाओं को उग्रवाद की ओर धकेला गया। उन्होंने कहा कि विदेशी विरोधी आंदोलन के दौरान दमन की घटनाओं से राज्य को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि असम की जनता एक बार फिर विकास, स्थिरता और सुरक्षित भविष्य के पक्ष में मतदान करेगी। इस अवसर पर राज्य भाजपा मीडिया विभाग के संयोजक रूपम गोस्वामी भी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश