home page

टिंगखांग में आलू से लदे ट्रैक्टरों को सोनोवाल ने दिखाई हरी झंडी

 | 
टिंगखांग में आलू से लदे ट्रैक्टरों को सोनोवाल ने दिखाई हरी झंडी


डिब्रूगढ़ (असम), 30 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को टिंगखांग में आलू से लदे ट्रैक्टरों के काफिले को हरी झंडी दिखाकर पेप्सीको इंडिया होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड को वाणिज्यिक आपूर्ति की शुरुआत की।

टिंगखांग की सड़कों पर उस समय एक अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब कतारबद्ध ट्रैक्टरों में स्थानीय किसानों द्वारा उत्पादित आलू लादकर बाजार की ओर रवाना किया गया। यह कोई राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि क्षेत्र में उभर रही कृषि गतिविधियों और किसानों की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक था।

इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं असम सरकार के कैबिनेट मंत्री बिमल बोरा ने प्रत्येक ट्रैक्टर चालक को पारंपरिक गमछा भेंट कर सम्मानित किया। इस पहल को टिंगखांग में संगठित कृषि और बाजार से जुड़ाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह कार्यक्रम दिहिंगचांग बहुमुखी सहकारी समिति लिमिटेड के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका गठन बिमल बोरा के संरक्षण में किया गया है। वर्ष 2023-24 से पेप्सिको इंडिया के सहयोग से बुड़ीदिहिंग और दिसांग नदियों के किनारे स्थित उपजाऊ भूमि में आलू की खेती की जा रही है, जिससे किसानों को अच्छा लाभ मिल रहा है।

चालू वर्ष में लगभग 240 बीघा भूमि पर खेती करते हुए करीब चार लाख किलोग्राम उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से लगभग 20 टन आलू इसी बीच पेप्सिको इंडिया को भेजा जा चुका है, जो इस पहल की सफलता और टिंगखांग में कृषि क्रांति के संकेत को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश