नगांव-मोरीगांव में सोनोवाल ने किया भाजपा उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार
गुवाहाटी, 30 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री तथा असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को नगांव लोकसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा के समर्थन में मोरीगांव के डालंगघाट स्थित दौल मंदिर परिसर और नगांव के बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र के धिंग गेट में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
सोनोवाल ने कहा कि महिला शक्ति समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य में विभिन्न वर्गों के लोगों के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए नगांव और मोरीगांव के मतदाताओं से भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा को समर्थन देने की अपील की।
दोनों सभाओं में भाजपा की असम प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दिलीप सैकिया भी मौजूद रहे। उन्होंने लोगों से कमल के निशान पर मतदान करने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के तहत देश में हो रहे विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया।
असम सरकार के कैबिनेट मंत्री रामेश्वर तेली ने भी सभाओं को संबोधित करते हुए देवाशीष शर्मा के पक्ष में मतदान की अपील की।
वहीं, कैबिनेट मंत्री बिश्वजीत दैमारी ने जागीरोड विधानसभा क्षेत्र के डोंगाबरी और बाघजाप में दो चुनावी सभाओं में हिस्सा लेकर भाजपा उम्मीदवार के लिए प्रचार किया। कार्बी आंगलोंग स्वायत्तशासी परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य एवं विधायक तुलीराम रोंगहांग ने जागीरोड क्षेत्र के कुरानीबरी, हाटीउठा, बुरागांव और पाभकाती में चार चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगांव लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मंडल में बूथ स्तर पर चुनाव प्रचार अभियान भी जारी रखा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

