शोणितपुर में सेवा संकल्प अभियान और स्वच्छता ही सेवा-2026 की जिला स्तरीय समन्वय बैठक
शोणितपुर (असम), 14 सितंबर (हि.स.)। आगामी सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस)-2026 अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर आज शोणितपुर जिला आयुक्त कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल-I में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शोणितपुर जिला विकास आयुक्त संजीव कुमार शर्मा ने की।
बैठक में शोणितपुर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जयंत कुमार बोरा, अतिरिक्त जिला आयुक्त डॉ. मयूर पांखी बोरा, विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक अधिकारी, प्रखंड विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रमुख तथा जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा, विभागों के बीच समन्वय तथा अधिकारियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। असम सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार एक माह तक चलने वाला यह अभियान आम नागरिकों तक सरकारी सेवाओं की अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित करने, नागरिक-केंद्रित शासन, कमजोर वर्गों के कल्याण तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वित कार्यान्वयन पर केंद्रित रहेगा।
अभियान के 17 सितंबर को शुभारंभ के अवसर पर “आशीर्वाद का दीया” पहल पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जो कृतज्ञता और जन आशीर्वाद का प्रतीक होगा।
बैठक में स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस)-2026 अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। यह अभियान भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक पूरे एक महीने चलेगा। 17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ के अवसर पर नागरिकों से अपने घरों की साफ-सफाई कर दीप जलाने और स्वच्छ जीवनशैली के संकल्प की शुरुआत करने का आह्वान किया गया।
एसएचएस-2026 अभियान के पांच प्रमुख स्तंभों में स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (सीटीयू) एवं सार्वजनिक स्थलों का कायाकल्प, स्वच्छ पाठशाला, सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर, स्वच्छता के लिए जनभागीदारी तथा स्वच्छता से समृद्धि शामिल हैं।
बैठक में सीटीयू एवं कचरा संवेदनशील बिंदुओं (जीवीपी) की पहचान एवं कायाकल्प, स्थलों के सौंदर्यीकरण, नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं सामुदायिक हितधारकों को अभियान से जोड़ने तथा अभियान से संबंधित गतिविधियों की समय पर रिपोर्टिंग सहित विभिन्न तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में दोनों अभियानों के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागीय समन्वय, आपसी सहयोग, जनभागीदारी और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि शोणितपुर जिले में दोनों अभियान समन्वित, परिणामोन्मुखी एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जयकिशोर झा

