home page

असम-अरुणाचल सीमावर्ती इलाके में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित

 | 
असम-अरुणाचल सीमावर्ती इलाके में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित


असम-अरुणाचल सीमावर्ती इलाके में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित


शोणितपुर (असम), 03 अगस्त (हि.स.)। असम-अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाके में शोणितपुर जिला दिवस के अवसर पर सेना की गजराज कोर की 4004 फील्ड हॉस्पिटल टीम ने भालुकपोंग में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस शिविर का उद्घाटन नदुआर के विधायक पद्म हजारिका ने अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया।

शिविर में ओपीडी न्यूरो सर्जरी, ओपीडी जनरल सर्जरी और सामान्य चिकित्सा परामर्श के साथ-साथ आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। कुल 187 लाभार्थियों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं। जिनमें 112 महिलाएं, 44 पुरुष और 31 बच्चे शामिल थे।

इनमें 53 न्यूरो सर्जरी, 10 जनरल सर्जरी तथा 124 सामान्य ओपीडी के मरीजों का उपचार किया गया। मरीजों का इलाज पुराना कमर दर्द, गर्दन दर्द, सिरदर्द, त्वचा संक्रमण, एनीमिया, आंखों के संक्रमण तथा जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों जैसी समस्याओं के लिए किया गया।

शिविर में एक समर्पित स्वास्थ्य जागरूकता केंद्र भी स्थापित किया गया, जहां मच्छर नियंत्रण के उपाय, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) तथा रोगों की रोकथाम से संबंधित जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया। इस पहल ने नागरिक-सेना सहयोग को और मजबूत किया तथा असम के लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया।

जिला दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर जिला दिवस मनाया गया। प्राप्त जानकारी अनुसार शोणितपुर के असम-अरुणाचल प्रदेश सीमावर्ती इलाके के-कृषि पाम निगम भालुकपोंग स्थित, लालबहादुर शास्त्री हाईस्कूल में शिविर का आयोजन किया गया।

वहीं शिविर में पशु चिकित्सकों की एक टीम भी मौजूद रही। किसानों के पंजीकरण की सुविधा के लिए किसान पंजीकरण शिविर का भी आयोजन किया गया। इसके अलावा, क्षेत्र के किसानों को ड्रैगन फ्रूट के पौधों का भी वितरण विधायक द्वारा किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जयकिशोर झा