एसएसबी संदीक्षा परिवार की महिलाओं के लिए सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
गुवाहाटी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। विजिलेंस अवेयरनेस वीक के अंतर्गत आज गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के वाहिनी मुख्यालय में संदीक्षा परिवार की महिलाओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसएसबी प्रथम वाहिनी संदीक्षा अध्यक्ष वैशाली कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संदीक्षा परिवार की महिलाओं में सतर्कता, ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। इस दौरान भ्रष्टाचार के प्रति “शून्य सहनशीलता” की नीति, भ्रष्टाचार की रोकथाम तथा दैनिक जीवन में नैतिक आचरण के महत्व पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को अपने दैनिक जीवन में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार को बढ़ावा नहीं देने तथा अपने परिवार एवं समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, भ्रष्टाचार-मुक्त एवं पारदर्शी समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष केवल किसी एक व्यक्ति अथवा संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक सदस्य की सामूहिक जिम्मेदारी है। परिवार में नैतिक मूल्यों एवं ईमानदारी की मजबूत नींव रखने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान संदीक्षा परिवार की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सतर्कता एवं नैतिक मूल्यों से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने विचार, अनुभव एवं सुझाव साझा किए। उनकी सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं संवादात्मक बनाया।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक एवं जागरूकतापूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर सभी उपस्थित प्रतिभागियों ने ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा भ्रष्टाचार-मुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

