प्रथम वाहिनी एसएसबी, सोनापुर में हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी दीपावली
गुवाहाटी, 08 नवंबर (हि.स)। प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सोनापुर के वाहिनी मुख्यालय में रविवार को दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यालय स्थित मंदिर परिसर में संदीक्षा परिवार के सदस्यों के लिए विशेष पूजा-अर्चना एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन संदीक्षा अध्यक्ष वैशाली कौशिक के मार्गदर्शन तथा प्रथम वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट सुनील कौशिक की निगरानी में किया गया।
इस अवसर पर संदीक्षा परिवार की सदस्यों ने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दीपावली की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान वाहिनी के सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।
कार्यक्रम में बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा गीत-संगीत के माध्यम से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे परिसर में उत्साह एवं उमंग का माहौल बना दिया।
इस आयोजन में संदीक्षा परिवार के सदस्यों के साथ वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम के माध्यम से प्रेम, एकता, भाईचारे एवं आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर संदीक्षा परिवार और प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, सोनापुर के समस्त अधिकारियों एवं जवानों ने देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

