राज्यपाल ने सोलंग त्योहार की दी बधाई
इटानगर, 31 अगस्त(हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केटी परनाइक ने राज्य के लोगों, खासकर आदि समुदाय के लोगों को सोलंग के शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई दी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह शानदार त्योहार हमारे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सदियों पुरानी परंपराओं के प्रति हमारे गर्व को और मजबूत करेगा।
अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि सोलंग, आदि समुदाय के सामाजिक-सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जीवन की एक अहम अभिव्यक्ति है। पारंपरिक उत्साह और खुशी के साथ सदियों से मनाया जा रहा यह त्योहार प्रकृति और ईश्वर के प्रति गहरी आस्था और कृतज्ञता को दर्शाता है। सोलंग हमें प्रकृति के साथ हमारे अटूट रिश्ते और उसके साथ तालमेल बिठाकर रहने के महत्व की याद दिलाता है। यह हमारे पूर्वजों से मिली समझ, मूल्यों और परंपराओं को भी संजोकर रखता है और इस अनमोल विरासत को हमारे बच्चों और युवाओं तक पहुंचाने का मौका देता है। उन्होंने समुदाय के बुजुर्गों से अपील की कि वे युवा पीढ़ी को इन परंपराओं को समझने, उनका सम्मान करने और उन्हें अपनाने के लिए मार्गदर्शन करें, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत जीवंत और प्रासंगिक बनी रहे।
इस त्योहार के मौके पर, मैं अपने आदि भाइयों के साथ मिलकर 'किने नाने', 'दादी बोते', 'डोयिंग-बोते' और सभी कल्याणकारी देवी-देवताओं से प्रार्थना करता हूं कि वे मानवता को शांति, सद्भाव, प्रगति और समृद्धि का आशीर्वाद दें।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कामना की कि सोलंग हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करे, हमारे समुदायों को एकजुट करे और आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी विरासत को संजोने के लिए हमें प्रेरित करे।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

