दुर्गा पूजा में चमका छोटे कारोबारियों का बाजार,दुकानों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
गुवाहाटी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर जहां एक ओर पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर त्योहार के इस उल्लास ने छोटे व्यवसायियों (स्ट्रीट वेंडर्स) के चेहरों पर भी खुशी बिखेर दी है। पूजा पंडालों के आसपास और मुख्य बाजारों के किनारों पर छोटे दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं।
खिलौने, सजावटी सामान, चाट-पकौड़े, गुब्बारे, महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधन और तरह-तरह के स्ट्रीट फूड बेचने वाले व्यवसायियों के लिए यह समय सबसे बेहतर बिक्री का साबित हो रहा है। दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालु पूजा-अर्चना के बाद इन छोटी दुकानों से जमकर खरीदारी कर रहे हैं, जिससे दिन-रात बाजार गुलजार हैं।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पूरे वर्ष वे इस त्योहार का बेसब्री से इंतजार करते हैं। दुर्गा पूजा के इन दिनों में होने वाली कमाई से उनके परिवारों को बड़ा आर्थिक संबल मिलता है। पूजा समिति के सदस्यों और प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखा गया है, ताकि खरीदारों और विक्रेताओं दोनों को सहूलियत रहे।
कुल मिलाकर, दुर्गा पूजा का यह पावन पर्व केवल आस्था और भक्ति का ही प्रतीक नहीं है, बल्कि यह छोटे व्यवसायियों और रेहड़ी-पटरी वालों के जीवन में आर्थिक समृद्धि और खुशियों का नया प्रकाश लेकर आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

