मणिपुर में छह यूजीपीके कैडर गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद बरामद
इंफाल, 26 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने 25 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कंगलैपाक (यूपीपीके) के छह कैडरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों के कब्जे से संगठन से संबंधित दस्तावेज, संचार उपकरण और वाहन बरामद किए गए।
स्पेशल सीडीओ की टीम ने मणिपुर के विभिन्न इलाकों से एलांगबाम रबीकुमार सिंह (24), वाइखोम अरुण सिंह (20), अहोंगशांगबाम अविनाश सिंह उर्फ एंडी (26), एक नाबालिग, एलांगबाम अलेक्जेंडर सिंह (21) और फुरित्शाबाम कोइरेंग सिंह (51) को गिरफ्तार किया।
इनके कब्जे से यूपीपीके के 23 लेटरहेड, एक बाओफेंग हैंडहेल्ड वायरलेस सेट, एक सिल्वर रंग की कार (एमएन01 सीएस-2622) और एक प्लेजर दोपहिया वाहन (एमएन06 एसई-7395) बरामद किया गया। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने अपहरण, जबरन वसूली और धमकी देने जैसी गतिविधियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
इसी दिन सेनापति जिले के ताफौ कूकी और ताफौ लियांगमई में मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और महिला बटालियन की संयुक्त टीम ने घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान दो एसबीबीएल बंदूकें, 12-बोर के 78 जिंदा कारतूस, 11 खाली 12-बोर खोखे, एके-47 और .22 कैलिबर के खाली खोखे, एक 12-बोर कारतूस बेल्ट, एक चार्जर सेट, पांच वाहन नंबर प्लेट और एक खाली स्टील सैन्य-उपयोगी गोला-बारूद कंटेनर बरामद किया गया।
सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान कुल तीन बंकर भी नष्ट किए। इनमें दो बंकर ताफौ कूकी और एक बंकर ताफौ लियांगमई में था।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

