चुनाव 26: कोकराझार जिले में छह उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया, प्रत्याशियों की संख्या 36
कोकराझार (असम), 26 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 के तहत नामांकन वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को कोकराझार जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से कुल छह उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। नाम वापसी की प्रक्रिया आज दोपहर 3 बजे समाप्त हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नंबर गोसाईगांव विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार हारक्यूलियाश बसुमातारी तथा 4 नंबर बाओखुंगरी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार अरुण कुमार राय ने अपना नामांकन वापस लिया। इसके अलावा 5 नंबर परबतझोरा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार प्रभोध कुमार ब्रह्म, सजल कुमार सिंघा, आजाद हुसैन और जहीरुल इस्लाम मंडल ने भी अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली।
वहीं 2 नंबर दोतमा (एसटी) और 3 नंबर कोकराझार (एसटी) विधानसभा क्षेत्रों से किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन वापस नहीं लिया।
छह उम्मीदवारों के नाम वापसी और पहले हुई जांच प्रक्रिया में एक नामांकन रद्द होने के बाद अब कोकराझार जिले में कुल 36 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं, जो पहले 43 थे। जिले में चुनावी मुकाबला अब और स्पष्ट हो गया है तथा सभी दलों और प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

