गुवाहाटी होटल हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी गठित, संयुक्त पुलिस आयुक्त अंकुर जैन करेंगे नेतृत्व
गुवाहाटी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। गुवाहाटी के होटल विलास इन में पांच लोगों की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त अंकुर जैन के नेतृत्व में गठित यह दल मामले की विस्तृत जांच करेगा। इस हत्याकांड में घनकांत गोगोई मुख्य आरोपित है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे उलुबाड़ी के बोरा सर्विस इलाके में जीएस रोड स्थित होटल विलास इन में गोलीबारी की घटना हुई थी। प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, होटल के पट्टा समझौते को लेकर होटल मालिकों और आरोपित घनकांत गोगोई के बीच विवाद होने की आशंका है। गोगोई ने होटल को पट्टे पर लिया था।
गोलीबारी में छह लोग घायल हुए थे, जिनमें से पांच की मौत हो गई। मृतकों में होटल मालिकों के परिवार से जुड़े चार लोग शामिल थे, जबकि पांचवां मृतक उसी गांव का निवासी था। घटना में घायल एक व्यक्ति का उपचार चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने एक घंटे के भीतर आरोपित घनकांत गोगोई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए कथित हथियार को भी जब्त किया है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है और पुलिस विवाद की पृष्ठभूमि सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एसआईटी के गठन के बाद मामले की जांच तेज होने की उम्मीद है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस वजह से बढ़ा और किन परिस्थितियों में गोलीबारी की घटना हुई।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

