अशोक सिंघल ने कोकराझार और बंगाईगांव में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की
गुवाहाटी, 28 सितंबर (हि.स.)। असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने सोमवार को कोकराझार और बंगाईगांव में स्वास्थ्य सेवाओं तथा चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों की व्यापक समीक्षा की। इस दौरान कोकराझार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण करने के साथ ही बीटीआर के पांच जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। वहीं, 5 अक्टूबर को उद्घाटन होने वाले बंगाईगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
सिंघल ने कोकराझार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्य प्रणाली, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और आधारभूत संरचना का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों, चिकित्सकों और वरिष्ठ शिक्षकों के साथ बातचीत की। इस दौरान चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शैक्षणिक माहौल को मजबूत करने तथा कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक एवं चिकित्सा वातावरण तैयार करने पर चर्चा हुई।
इसके बाद कोकराझार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से जुड़े विभिन्न विषयों पर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, अस्पताल की आधारभूत संरचना, मरीजों की सुविधाओं, मानव संसाधन और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई। मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं को बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के उपायों पर भी चर्चा हुई।
बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद के सभागार में आयोजित एक अन्य बैठक में कोकराझार, चिरांग, बाक्सा, तामुलपुर और उदालगुड़ी जिलों के स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत संरचना, मानव संसाधन तथा दवाओं और अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में सामने आ रही समस्याओं और चुनौतियों की पहचान कर उनके समयबद्ध समाधान पर भी जोर दिया गया। आम लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाने, स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत संरचना मजबूत करने तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया।
इधर, सिंघल ने 5 अक्टूबर को उद्घाटन होने वाले बंगाईगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज के विभिन्न भवनों, चिकित्सा सेवा संबंधी आधारभूत संरचना, निर्माण कार्य की प्रगति और उद्घाटन समारोह की तैयारियों का जायजा लिया।
इसके बाद संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उद्घाटन समारोह की तैयारियों, निर्माण कार्य की प्रगति और चिकित्सा सेवाएं शुरू करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। मंत्री ने उद्घाटन से पहले सभी लंबित कार्य समय पर पूरा करने तथा चिकित्सा सेवाएं शुरू करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कोकराझार में आयोजित समीक्षा बैठक में बीटीसी प्रमुख हग्रामा महिलारी, बाओखुंगरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपम राय, बीटीसी स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी सदस्य देरहासात बसुमतारी, बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद के प्रधान सचिव मुकेश साहू, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आयुक्त-सचिव डॉ. पी अशोक बाबू, कोकराझाड़ मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य डॉ. अतुल बोड़ो और बीटीसी स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. नीलो ब्रह्म सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
बंगाईगांव की समीक्षा बैठक में जिला आयुक्त सत्यरंजन सहरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नोमल महता और बंगाईगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य डॉ. हारमेन फेरोंगक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

