home page

कलियाबर अस्पताल का स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने किया निरीक्षण

 | 
कलियाबर अस्पताल का स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने किया निरीक्षण


नगांव (असम), 15 सितंबर (हि.स.)। असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री अशोक सिंघल ने मंगलवार को नगांव जिले के कलियाबर अनुमंडलीय सिविल अस्पताल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।

मंत्री ने अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग, एक्स-रे, सीटी स्कैन और प्रयोगशाला सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने डॉक्टरों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर मरीजों की संख्या, उपलब्ध सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली।

सिंघल ने अधिकारियों से मरीजों को समय पर, सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए आवश्यक कदमों पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की।

मंत्री ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 150 बिस्तरों वाली नई शाखा का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्धारित मानकों और समयसीमा के अनुरूप निर्माण कार्य पूरा करने पर जोर दिया।

नई शाखा के शुरू होने के बाद कलियाबर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए अस्पताल की मरीज भर्ती क्षमता बढ़ने के साथ बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। इस दौरान संयुक्त स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. पंचम कुमार बोरा, कलियाबर के अनुमंडल चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, असम वृक्षारोपण एवं फसल विकास निगम के अध्यक्ष मणिमाधव महंत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश