home page

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी : मुख्य आरोपित जयदीप दत्ता गिरफ्तार

 | 

कछार (असम), 30 अप्रैल (हि.स.)। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप में सिलचर से एक बी-टेक डिग्रीधारी युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जयदीप दत्ता (38) के रूप में हुई है, जो श्रीकोना प्रथम खंड का निवासी है। उसके खिलाफ अब तक लगभग 15 से 20 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले के आरोप सामने आए हैं।

पुलिस के अनुसार, कंप्यूटर साइंस में बी-टेक डिग्रीधारी जयदीप ने कुछ वर्ष पहले श्रीकोना में “आइकॉनिक फाइनेंस सॉल्यूशन” नाम से एक निजी वित्तीय संस्था की शुरुआत की थी। वह लोगों को विश्वास दिलाता था कि उनका पैसा शेयर बाजार में निवेश किया जाएगा और इसके बदले निवेशकों को हर महीने 15 प्रतिशत तक का लाभ दिया जाएगा।

शुरुआत में कुछ निवेशकों को नियमित रूप से लाभ मिलने पर यह खबर तेजी से फैल गई, जिसके बाद कछार जिले समेत अन्य क्षेत्रों के कई लोगों ने बड़ी रकम इस कंपनी में निवेश कर दी। बाद में आरोपित ने करीब 15 से 20 करोड़ रुपये की ठगी कर परिवार सहित फरार हो गया।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे आरोपित को बीते मंगलवार को कटाखाल रेलवे स्टेशन पर ठगी के शिकार निवेशकों ने पहचान कर पकड़ लिया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि अब तक 29 लोगों ने सिलचर के तारापुर पुलिस चौकी में आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस बीच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) रजत पाल के अनुसार, इस बड़े ठगी कांड में और भी लोगों के शामिल होने की आशंका है। फिलहाल अदालत के निर्देश पर पुलिस ने आरोपित को तीन दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश